दोबारा लौटने की आशंका से सतर्क रहे किसान और कृषि विभाग
बरेली। टिड्डी दल बहेड़ी क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों में दो दिनों तक किसानों की नाक में दम किए रहा। रविवार को कृषि विभाग के ड्रोन से दवा का छिड़काव करने के बाद टिड्डी दल रामपुर की ओर चला गया था, लेकिन रविवार को फिर लौट आया। अब टिड्डी दल नेपाल की ओर चला गया है। इससे किसानों ने राहत की सांस ली है, लेकिन उन्हें टिड्डी दल के फिर लौटने की आशंका भी है।
शनिवार को रामपुर जाने के बाद रविवार को हवा के रुख के साथ टिड्डी दल फिर इलाके में लौट आया था, लेकिन यहां रुकने के बजाय नेपाल की ओर बढ़ गया। हालांकि दोबारा लौटने की आशंका को लेकर किसान और कृषि विभाग की टीम अलर्ट है। जिला कृषि अधिकारी धीरेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि यह दल अब नेपाल की ओर बढ़ गया है। फिलहाल खतरा नहीं है, लेकिन टीमें अभी कुछ दिन और निगरानी करेंगी। अभी यह नहीं कहा जा सकता कि खतरा पूरी तरह टल गया है। किसानों से भी सतर्क रहने को कहा गया है।