बरेली। थॉयराइड व अन्य हार्मोनल जांच के लिए निजी लैब की दौड़ लगा रहे मरीजों को बड़ी राहत मिली है। जिला अस्पताल में हार्मोनल एनलाइजर मशीन स्थापित होने के बाद मरीजों की थॉयराइड आदि की निशुल्क जांच शुरू हो गई है। निजी लैब में हार्मोन संबंधी जांच के लिए 200-1,000 रुपये तक देने पड़ते हैं।
जिला अस्पताल में दो साल पहले हार्मोनल एनलाइजर मशीन स्थापित किए जाने की कवायद शुरू हुई थी। शासन से मंजूरी के बाद परिसर स्थित लैब में जगह चिह्नित की गई। फरवरी 2023 में मशीन अस्पताल पहुंच गई थी पर इसकी स्थापना के लिए टीम नहीं आई। शासन से पत्राचार के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। बीते दिनों कमिश्नर ने औचक निरीक्षण के बाद मशीन की स्थापना के लिए शासन को पत्र भेजा था।
शासन के निर्देश पर पिछले माह अस्पताल आई टीम ने मशीन स्थापित कर सप्ताहभर ट्रायल लिया। दिवाली के बाद मशीन से संबंधित जांचें शुरू हो गई हैं। एडी एसआईसी डॉ. अलका शर्मा के मुताबिक जिला अस्पताल पहुंच रहे मरीजों समेत महिला अस्पताल और सीएचसी-पीएचसी से रेफर गर्भवतियों की भी निशुल्क थाॅयराइड जांच की जा रही है।
डॉ. अलका के मुताबिक महिला अस्पताल में जांच के लिए पहुंचने वाली महिलाओं में से करीब 22 फीसदी थॉयराइड की चपेट में होती हैं। मशीन स्थापित होने के बाद ट्रायल के दौरान थाॅयराइड की पहली जांच उन्होंने ही करवाई थी। अभी सिर्फ थॉयराइड की जांच हो रही है। जल्द ही अन्य हार्मोनल जांचें भी शुरू हो जाएंगी।
डॉक्टरों के मुताबिक हार्मोनल एनलाइजर मशीन किट पर काम करती है। हर जांच के लिए अलग-अलग किट होती है। एडी एसआईसी के मुताबिक जो किट मिली थीं, लैब को दे दी गई हैं। शेष किट भी जल्द उपलब्ध हो जाएंगी।