बरेली। नई दिल्ली की एक कंपनी के मालिक ने बरेली के व्यापारी से 1.3 लाख रुपयों की ठगी कर ली। गुलाब की सूखी पंखुड़ियां ऑर्डर देकर मंगवाई और भुगतान करने का समय आया तो उसने मोबाइल नंबर बंद कर लिया। संबंधित पते पर कंपनी का दफ्तर भी नहीं मिला। एसएसपी के आदेश पर सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एग्रोवेक्स नेचुरल्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक राजीव शर्मा ने बताया कि उनकी फर्म गंगानगर कॉलोनी बदायूं रोड पर है। नई दिल्ली की एमएसएसपी इंटरप्राइजेज कंपनी के मालिक ने 27 मई को उन्हें गुलाब की सूखी पंखुड़ियों का ऑर्डर दिया था। कंपनी ने 10 जून को उनकी फर्म के खाते में 50 हजार रुपये भी जमा कराए थे। उन्होंने पिकअप में लदवाकर माल भेज दिया। दूसरे पक्ष ने लाहौरी गेट पर ही माल उतरवा लिया। ड्राइवर के पूछने पर बकाया राशि अगले दिन देने के लिए कहा। अगले दिन आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर लिया। कंपनी की ओर से दिए गए पते पर किसी कंपनी का दफ्तर नहीं मिला, जबकि जीएसटी पंजीकरण सक्रिय है। राजीव शर्मा के मुताबिक आरोपी पक्ष ने 1.33 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है।