बरेली। मार्च में त्योहार और राजस्व बढ़ाने के मद्देनजर निबंधक कार्यालय रविवार को भी खोलने के आदेश जारी हो गए हैं। रजिस्ट्री का समय पांच बजे से बढ़ाकर छह बजे कर दिया है। लखनऊ से महानिरीक्षक निबंधक अमित गुप्ता का पत्र मिलने के बाद एआईजी स्टाम्प तेज सिंह यादव ने आदेश अनुपालन के निर्देश दिए हैं।
एआईजी स्टांप ने कहा कि मार्च माह में रजिस्ट्री कराने वालों की संख्या भी ज्यादा रहती है। रजिस्ट्री विभाग को राजस्व का लक्ष्य 31 मार्च 2025 भी पूरा करना है। सरकार का राजस्व बढ़ाने और आगामी त्योहार को देखते हुए निबंधक कार्यालय रविवार को खोलने और रजिस्ट्री करने का एक घंटा समय बढ़ाया गया है। यह आदेश 31 मार्च 2025 तक मान्य होगा। उप निबन्धक माह के आखिरी रविवार को अपने-अपने कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। एक मुश्त समाधान योजना के अंतर्गत स्टांप कमी के मुकदमों को 31 मार्च तक मात्र 100 रुपये के अर्थदंड पर समाप्त किए जाने का निर्णय जारी रहेगा। ब्यूरो