-अभ्यर्थी बीटेक, बीफार्मा, एमफार्मा, बीएचएम, एमबीए, एमसीए पाठ्यक्रमों में कर सकेंगे आवेदन
-सीयूईटी यूजी-पीजी, जेईई मेन और जीपैट के माध्यम से विद्यार्थियों को मिलेगा दाखिला
संवाद न्यूज एजेंसी
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने बीटेक, बीफार्मा, एमफार्मा, एमबीए, एमसीए पाठ्यक्रमों में प्रवेश की तिथि जारी कर दी है। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी शुक्रवार से 14 जून तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगेे। इसमें सीयूईटी, जीपैट, जेईई-मेन के माध्यम से प्रवेश लिया जा सकेगा। सीटें रिक्त रहने पर स्नातक और 12वीं की मेरिट के आधार पर प्रवेश दिए जाएंगे।
प्रभारी कुलसचिव संजीव कुमार के अनुसार बीटेक (मैकेनिकल, केमिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, इलेक्टि्रकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, सीएसआईटी), बीफार्मा, एमसीए, एमफार्मा (फार्माकोलॉजी, फार्मास्युटिक्स, फार्मा केमिस्ट्री) में 17 मई से प्रवेश शुरू होंगे। अभ्यर्थी 150 रुपये जमाकर ऑनलाइन पंजीकरण कराने के बाद काउंसलिंग से प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। आवेदन करने और शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 14 जून है।
बीटेेक में जेईई मेन और बीफार्मा में सीयूईटी (यूजी) की मेरिट से प्रवेश होंगे। सीटें खाली रहने पर इंटरमीडिएट की मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर मिलेगा। वहीं, एमसीए में सीयूईटी (पीजी) की मेरिट से और एमफार्मा में प्रवेश जीपैट से होंगे। सीटें रिक्त रहने पर स्नातक की मेरिट से प्रवेश दिए जाएंगे।
15 जून तक होंगे आवेदन
एमबीए, एमबीए (मार्केटिंग व एग्जीक्यूटिव) और बैचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट (बीएचएम) में भी 17 मई से प्रवेश के लिए पंजीकरण होंगे। आवेदन करने व शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 15 जून है। इसमें भी प्रवेश काउंसलिंग के माध्यम से मेरिट के आधार पर होंगे। होटल प्रबंधन में (सीयूईटी-यूजी) के माध्यम से और सीटें रिक्त रहने पर इंटरमीडिएट की मेरिट के आधार पर प्रवेश होंगे। वहीं, एमबीए में सीटें खाली रहने पर स्नातक की मेरिट से प्रवेश होंगे। इसकी विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।