फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

माफिया अतीक अहमद को किसी और जेल में भेजने की सिफारिश, डीएम ने शासन को भेजी रिपोर्ट

Thu, 03 Jan 2019 11:42 PM IST
शाहरुख खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बरेली
विज्ञापन
अतीक अहमद (फाइल फोटो)
विज्ञापन
देवरिया से बरेली जिला जेल में शिफ्ट किए गए माफिया अतीक अहमद की सुरक्षा को लेकर यहां जेल प्रशासन के पसीने छूट रहे हैं। जेल अधीक्षक ने स्टाफ की कमी और थाना काफी दूरी पर होने समेत कई दिक्कतों का जिक्र करते हुए डीएम को पत्र लिखा है।
विज्ञापन


इसके बाद डीएम ने अतीक को किसी दूसरी जेल में शिफ्ट करने की रिपोर्ट प्रमुख सचिव कारागार को भेज दी है। माफिया अतीक अहमद को मंगलवार को देवरिया से बरेली जिला जेल में लाए जाने के बाद से ही यहां जेल अधिकारियों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। 

बुधवार को अतीक अहमद ने मुंहमांगी सुविधाएं न मिलने पर जेल अधिकारियों को यह धमकी भी दे दी थी कि उसे सुविधाएं नहीं मिली तो उनके लिए उसे कंट्रोल कर पाना मुश्किल होगा। 
विज्ञापन


इसके बाद जेल अधिकारियों ने कोशिश शुरू कर दी है कि अतीक को बरेली के बजाय किसी और जेल में शिफ्ट कर दिया जाए। जेल अधीक्षक उदय प्रताप मिश्र ने अतीक की सुरक्षा पर हाथ खड़े करते हुए डीएम को पत्र भेजा है।

इसमें कहा है कि जिला जेल शहर से काफी दूर है। यहां से सबसे नजदीक थाना बिथरी चैनपुर भी करीब पांच किमी की दूरी पर है। जेल में 2800 कैदी है, जिनके अनुपात में स्टाफ की भी कमी है। पत्र में कई और दिक्कतों का जिक्र करते हुए अतीक को किसी दूसरी जेल में शिफ्ट करने की मांग की गई है।

 जेल प्रशासन के पत्र के आधार पर डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने प्रमुख सचिव कारागार को अपनी रिपोर्ट भेज दी है। अब शासन स्तर पर फैसला होना है कि अतीक को बरेली में ही रखा जाना है या उसे कहीं और भेजा जाएगा।
विज्ञापन

जेल ग्रामीण क्षेत्र में है लिहाजा सुरक्षा कारणों को देखते हुए डीएम को पत्र लिखा गया है। बंदियों को नियंत्रण में रखने में गड़बड़ी नहीं हो, इसके लिए अतीक को दूसरी जेल में शिफ्ट कर दिया जाए तो अच्छा रहेगा। अतीक की बैरक में रहने वाले बंदियों को अगर वहां खतरा महसूस होता है तो उन्हें दूसरी बैरक में भेजा जा सकता है। 
- उदय प्रताप मिश्रा, जेल अधीक्षक

जेल के अधिकारियों ने अतीक अहमद को बरेली से किसी और जेल में शिफ्ट किए जाने के संबंध में पत्र भेजा था। इसमें जेल अफसरों ने कई दिक्कतों का उल्लेख करते हुए बरेली कारागार से अतीक को शिफ्ट करना जरूरी बताया है। मैंने इस संबंध में शासन को रिपोर्ट भेज दी है। 
- वीरेंद्र कुमार सिंह, डीएम
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें