बरेली-पीलीभीत रेलखंड पर जहानाबाद के पास शुक्रवार की रात ट्रैक पर सरिया पड़ी मिली। इससे विभागीय अफसरों में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी लगने पर आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सरिया को हटाया। आरपीएफ प्रभारी की तहरीर पर जहानाबाद थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, रात करीब पौने दस बजे ट्रेन संख्या 05312 बरेली के लिए रवाना हुई। लोको पायलट ने जहानाबाद के समीप खंभा संख्या 267/1 व 267/2 के बीच ट्रैक पर सरिया रखे होने की जानकारी दी। इस पर रात में ही आरपीएफ और जहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और सरिया को हटाया। इससे बड़ा हादसा टल गया।
बाद में आरपीएफ ने डॉग स्क्वॉड की मदद से वहां पर छानबीन की, लेकिन कोई अहम सुराग हाथ नहीं लग सका। शनिवार को भी स्थानीय पुलिस और आरपीएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। आरपीएफ के इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी पर मौके पर जाकर जांच की। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन
आरपीएफ लगातार निगरानी के दावे करती है। इसके बावजूद ट्रैक पर खड़े कोच से तांबे का तार चोरी होने की घटना होने के साथ ही बरेली रेलखंड पर सरिया मिलना उसकी सजगता को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं।