नेकपुर में दिव्यांगों के स्कूल व आश्रय गृह का मामला
बरेली। सदर तहसील के नेकपुर में निर्मित आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्र और ममता राजकीय मानसिक मंदित विद्यालय वाली जमीन की हाईकोर्ट के आदेश पर एसडीएम ने सोमवार को पैमाइश कराई। विपक्ष का दावा है कि इस विद्यालय भवन के निर्माण में उनकी एक हजार वर्गमीटर भूमि शामिल कर ली गई है। पैमाइश के बाद अभी यह देखा जाना शेष है कि जिस जमीन पर विद्यालय भवन है, वह सरकारी है या निजी। यह तय होने के बाद ही अगली कार्रवाई होनी है।
संचिता पटेल आदि लोग काफी समय से विद्यालय भवन और परिसर उनकी जमीन पर होने का दावा कर मुआवजे की मांग कर रहे थे। स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं हुई तो उन लोगों ने न्यायालय की शरण ली थी। इस पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने संचित पटेल बनाम उप्र राज्य व अन्य मामले में 22 सितंबर 2025 को प्रकरण को निस्तारित करने का आदेश पारित किया था। तभी से प्रक्रिया चल रही है, लेकिन प्रशासन इस नतीजे पर नहीं पहुंच सका है कि विद्यालय भवन और परिसर की जमीन का असली मालिक कौन है? संवाद