बरेली। इंडियन डेंटल एसोसिएशन बरेली कैंट की ओर से शनिवार को विकास भवन रोड स्थित क्लीनिक सभागार में गोष्ठी आयोजित हुई। मुख्य वक्ता गाजियाबाद के डॉ. वैभव गर्ग ने रूट कैनाल ट्रीटमेंट से खोखले, सड़े हुए दांतों का इलाज करने और उन्हें फिर से पहले जैसा बनाने की प्रक्रिया को साझा किया।
कहा कि दुरुस्त दांत की समय पर जांच हो तो 15 से 20 वर्ष तक दिक्कत नहीं होती। बताया कि पहले यह प्रक्रिया जटिल थी पर अत्याधुनिक उपकरण से एक ही सिटिंग में खोखले, खराब दांत को ठीक कर कैप लगा दी जाती है। कैंप 45 मिनट में बन जाती है। डॉ. दिनेश राय ने बताया कि जो दांत आरसीटी से नहीं बच सकते तो वहां इंप्लांट तकनीक प्रयोग होती है। यह प्रक्रिया भी एक दिन में पूरी हो जाती है।
वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. अनूप आर्य ने बताया कि दांतों का इलाज भी आयुष्मान योजना में लाने की तैयारी है। यहां डॉ. वैभव गर्ग, डॉ. रुचिर सिंह, डॉ. इला अरोरा, डॉ. हिमांशु शर्मा, डॉ. नितिन अस्थाना, डॉ. वैभव गुप्ता, डॉ. आकांक्षा सिंह, डॉ. ध्रुव तिवारी व अन्य मौजूद रहे। ब्यूरो