बरेली। घपलेबाज 20 पूर्व प्रधानों से 1.01 करोड़ रुपये की वसूली होनी है। इसके लिए छह महीने पहले डीएम ने वसूली आदेश (आरसी) जारी किया था, पर वसूली आज तक नहीं हो सकी है। इस मामले में अब डीपीआरओ ने फिर एडीएम से पत्राचार किया है।
ग्राम पंचायतों के वर्ष 2017-18 के ऑडिट में तत्कालीन प्रधानों के विरुद्ध रिकवरी की पुष्टि हुई थी। डीएम ने मार्च-अप्रैल में आरसी जारी कर दी थी जो तहसीलों में पड़ी हैं।
वसूली न होने से उप्र विधानसभा की पंचायती राज समिति को इसकी प्रगति रिपोर्ट भी नहीं भेजी जा सकी है। संबंधित सभी 20 पूर्व प्रधानों से अब तक एक भी रुपये की वसूली नहीं हुई है, जबकि इन पर कुल 1.01 करोड़ रुपये बाकी हैं। राजस्व विभाग के संग्रह अमीनों को यह धनराशि वसूल कर संबंधित ग्राम पंचायत के ग्राम निधि-प्रथम खाते में जमा करानी है।
इन पूर्व प्रधानों को जारी है आरसी : शेरगढ़ के रुस्तमनगर के वीरपाल, गुना हट्टू के अहमद नवी, पंडरी के अय्यूब शाह, परेवा की खैरुल निशा, फरीदपुर ब्लॉक के ओषड़ की सुमन यादव, भगवानपुर फुलवा के कमल कांत, रजऊ परसपुर की गीता देवी से वसूली की जानी है। दमखोदा के बसुपुरा की नूरजहां, भदपुरा के गुलड़िया महिपत के गुरु प्रकाश, धिमरी के जगदीश प्रसाद, मटकापुर के इंद्रपाल सिंह, दलेलनगर के प्रेम प्रकाश, भौआ बाजार की नूरबी, करूआ साहबगंज के रियाज अहमद, भुता ब्लॉक के बाकरगंज की राजेश्वरी देवी, अठाना की राजश्री, सहोलिया महोलिया के गुरुपाल व दलपतपुर के विशेष पाल सिंह को भी आरसी जारी है। आलमपुर जाफराबाद के मुशराह की देववती और बिथरी चैनपुर ब्लॉक के अहिलादपुर की प्रधान शकुंतला को आरसी जारी है।