निगरानी के लिए पुलिसकर्मी भी बने हुरियारे, आरएएफ और प्रशिक्षु पुलिसकर्मी भी लगाए सुरक्षा में
विज्ञापन
रामबरात के रूट पर बंद रखी गई बिजली की सप्लाई
बरेली। पुलिस की ओर से रविवार को शहर में निकली राम बरात के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। तमाम पुलिसकर्मी हुरियारों के रूप में भी राम बरात में शामिल हुए।
दरअसल 2019 में रामबरात पर साहू गोपीनाथ कॉलेज के पास पथराव होने के बाद बवाल हो गया था जिसमें दो हुरियारे भी घायल हो गए थे। इसके बाद शहर का माहौल खराब हो गया था। इसी घटना के मद्देनजर इस बार अफसरों ने कुछ पुलिसकर्मियों को हुरियारों के वेश में राम बरात में शामिल किया। पुलिस और प्रशासन के अफसरों के साथ आरएफ भी राम बरात के आगे चल रही थी। हर चौराहे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। जहां से भी राम बरात गुजरी, वहां वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक राम बरात के रूट पर बिजली की सप्लाई भी बंद रखी गई ताकि कहीं कोई हादसा न हो। इसके अलावा एक दमकल वाहन भी राम बरात के साथ चलता रहा।