कई दिन के बाद खुल गया राजेंद्र नगर।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
कई संपर्क मार्गों से पुलिस ने बल्लियां हटाईं, व्यापारियों ने भी जताई खुशी
बरेली। कंटेनमेंट जोन बनाए गए राजेंद्र नगर को अब राहत मिली है। मंगलवार को यहां का बाजार व जनकपुरी समेत कुछ हिस्से खोल दिए गए। व्यापारियों ने भी इस पर खुशी जताई है।
सोमवार को डीडीपुरम मार्केट खुलवाने के बाद मंगलवार को पुलिस ने जनकपुरी से बल्लियां हटा दीं। इसके साथ ही शील चौराहे से लेकर गुप्ता चौराहे तक का रास्ता भी खोल दिया गया। इससे सटा राजेंद्र नगर का बाजार खुला तो व्यापारियों ने कई दिन से बंद अपनी दुकानों में सफाई की। किसी दुकान में पानी भर गया था तो किसी में चूहों ने नुकसान किया था। भगवान कृष्ण के श्रंगार व पोशाक की दुकानें खुलीं तो खरीददारी को महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। काफी संख्या में लोग आए तो सामाजिक दूरी का नियम टूटने लगा। तब दुकानदारों ने उन्हें समझाकर दूर दूर रहने को कहा। व्यापारी नेता संजय अरोड़ा व तरुण साहनी ने प्रशासन की पहल की सराहना की। उन्होंने लोगों की आवाज उठाने के लिए अमर उजाला को भी साधुवाद दिया।
व्यापारियों ने बुलाया तो पहुंचे शहर विधायक
शिवाजी चौक पर नियमों का पालन करते हुए व्यापारी एकत्रित हुए। उन्होंने बुलाया तो शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार राजेंद्र नगर पहुंचे। व्यापारी नेता पवन अरोड़ा ने बताया कि उन लोगों ने अपनी समस्या के बारे में विधायक को बताया। तब विधायक ने इंस्पेक्टर से बात की। पुलिस ने प्रयास करके अधिकांश रास्ते खुलवा दिए। इस मौके पर क्षेत्रीय पार्षद आरेंद्र अरोरा कुक्की, मोहित अरोरा, पंकज साहनी व छोटू ठाकुर आदि व्यापारी रहे।