केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा शुक्रवार आधी रात को बरेली पहुंचे। संक्षिप्त बातचीत में उन्होंने संकेत दिए कि जल्द बरेली को नई ट्रेन मिलने के साथ कासगंज ट्रैक चालू होने की तारीख की घोषणा हो सकती है।
रेल राज्यमंत्री सिन्हा बरेली में निजी कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे हैं। दिल्ली-फैजाबाद एक्सप्रेस में लगे सैलून से रात पौने बारह बजे यहां पहुंचे सिन्हा का एडीआरएम संजीव नंदन और डीसीएम यशपाल सिंह ने स्वागत किया। शहर भाजपा विधायक डॉ. अरुण कुमार, आंवला विधायक धर्मपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा और प्रदीप पुष्कर समेत पार्टी के कई नेताओं ने भी उनका स्वागत किया। इसके बाद मंत्री बदायूं रोड पर एक होटल में पहुंचे। अमर उजाला से संक्षिप्त बातचीत में मंत्री ने कहा कि शनिवार को वह अधिकारियों से वार्ता के बाद ही प्रेसवार्ता में कुछ बता पाएंगे। बरेली से होकर नई ट्रेन चलाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बरेली यूपी का एक महत्वपूर्ण शहर है। नई सेवा से इसे जोड़ना बहुत जरूरी है पर अभी वे कुछ नहीं कहेंगे। कासगंज बरेली ट्रैक को शुरू करने की तारीख पर तारीख घोषित करने के सवाल पर बोले कि उन्होंने आज तक कोई तारीख नहीं घोषित की है। कल वह इस बारे में कोई ठोस बात कहेंगे। इधर, मंत्री के आने से पहले जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर सफाई और सुरक्षा का विशेष अभियान चलाया गया। आरपीएफ के इंस्पेक्टर नरेंद्र गंगवार के नेतृत्व में संदिग्ध लोगों की चेकिंग भी की गई।