कोहरे से निजात के लिए रेलवे ने ट्रेनों को एंटी फॉग डिवाइस से लैस किया है। सिग्नल पर पटाखों की व्यवस्था की गई है। इसके बाद भी कोहरे का सीजन शुरू होने से पहले ही संचालन व्यवस्था बेपटरी हो गई है। कोहरे की आशंका में रेलवे ने हर साल की तरह इस साल भी एक दिसंबर से 29 फरवरी तक 20 जोड़ी ट्रेनों को रद्द कर दिया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि ये सभी ट्रेनें मुरादाबाद और इज्जतनगर मंडल से होकर गुजरती हैं। सोमवार से इनमें 30 नवंबर के बाद की टिकट बुकिंग भी बंद कर दी गई। कोहरे के सीजन में यात्रियों का दबाव भी कम हो जाता है। नियमित ट्रेनों के संचालन में किसी तरह समस्या न हो, इसको देखते हुए ट्रेनों को निरस्त किया गया है।