बरेली। रिंग रोड पर चार रेल ओवरब्रिज (आरओबी) बनाने के लिए रेलवे की ओर से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) मिल गया है। इनमें तीन आरओबी उत्तर रेलवे के अधीन आते हैं, जबकि एक पूर्वोत्तर रेलवे का है। इस परियोजना का 21 फीसदी काम पूरा हो चुका है और इसे जून 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
29.29 किलोमीटर लंबी सिक्सलेन रिंग रोड पर वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगे। झुमका तिराहा से रजऊ परसपुर तक बन रही इस परियोजना की लागत 1,122 करोड़ रुपये है। निर्माण कार्य पिछले साल शुरू हुआ था। एनएचएआई ने बरेली-मुरादाबाद, बरेली-लखनऊ, बरेली-चंदौसी और बरेली-बदायूं रेल लाइनों पर आरओबी के लिए रेलवे से एनओसी मांगी थी। रेलवे क्रॉसिंग पर अन्य परियोजनाओं के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र के सख्त नियम हैं, जिससे एनओसी मिलने में देरी हुई। रेलवे की इंजीनियरिंग टीमों के निरीक्षण और अधिकारियों की बैठक के बाद पिछले सप्ताह मंजूरी दी गई।
शहर को मिलेगी जाम से मुक्ति
रिंग रोड बनने के बाद सभी हाईवे इससे जुड़ जाएंगे। इससे बरेली शहर से होकर गुजरने वाले वाहन बाहर से ही निकल सकेंगे। रजऊ के पास तीन दिशाओं वाला ट्रम्पेट इंटरचेंज भी बनाया जाएगा। रामगंगा-रजऊ के बीच नकटिया नदी पर पुल का निर्माण भी शुरू हो गया है।
चारों रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण के लिए रेलवे की एनओसी मिल गई है। मानसून और फिर त्योहार के सीजन में काम की गति कुछ धीमी हुई थी। अब सभी स्थानों पर काम तेजी से हो रहा है। - अभय भूषण, परियोजना निदेशक एनएचएआई, बरेली डिवीजन
-
पीलीभीत रोड को सिक्सलेन करने के लिए एनओसी मिली, अब टेंडर का इंतजार, डेढ़ साल से अटकी परियोजना को पीडब्ल्यूडी ने 20 दिन पहले दी थी हरी झंडी
बरेली। बैरियर टू से सेटेलाइट तक सिक्सलेन सड़क बनने का इंतजार बढ़ता जा रहा है। डेढ़ साल से अटकी परियोजना को पीडब्ल्यूडी की एनओसी मिल गई है। इसके बावजूद निर्माण शुरू होने की राह साफ नहीं हुई है। एनओसी जारी हुए 20 दिन बीत चुके हैं, लेकिन बीडीए अब तक टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं कर सका है। ऐसे में रोजाना जाम और धूल से जूझने वाले राहगीरों को फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है।
7.4 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण दो पैकेज में कराया जाएगा। पहले पैकेज में बैरियर टू से सुरेश शर्मा नगर चौराहे तक 3.50 किलोमीटर सड़क को सिक्सलेन किया जाएगा। इस पर 30.42 करोड़ रुपये खर्च होंगे। दूसरे पैकेज में सुरेश शर्मा नगर चौराहे से सेटेलाइट तक 3.92 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण होगा। इसकी लागत 32.41 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। दोनों पैकेज की कुल लागत 62.83 करोड़ रुपये है।
इस मार्ग पर दिनभर वाहनों का दबाव रहता है। सड़क संकरी होने और वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण कई बार जाम की स्थिति बनती है। धूल उड़ने से आसपास के लोगों और दुकानदारों को भी परेशानी होती है। परियोजना का डीपीआर पहले पीडब्ल्यूडी ने तैयार किया था। तत्कालीन बीडीए उपाध्यक्ष ने इसे आठ लेन बनाने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन बाद में संशोधित कर सिक्सलेन कर दिया गया।
टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही इसे फाइनल करवाकर निर्माण शुरू कराया जाएगा। काम पूरा होने पर लोगों को राहत मिलेगी। - लवकेश कुमार, अधिशासी अभियंता, बीडीए