बरेली। कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों के रिजर्वेशन टिकट 72 घंटे तक रद्द करने का आदेश दिया है। आदेश ये भी हैं कि टिकट रद्द कराने के लिए टिकट विंडों पर आने की जरूरत नहीं है। 139 नंबर की हेल्प से टिकट रद्द करा सकते हैं।
मुरादाबाद रेल डिवीजन की सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने जनता कर्फ्यू को देखते हुए डिवीजन के स्टेशनों पर टिकट 72 घंटे तक र्दद करने के आदेश दिए हैं। पहले तीन घंटे तक ही टिकट रिफंड होता था। इसके अलावा ट्रेन रद्द न होने पर भी यात्री टिकट रद्द कराना चाहता है तो बिना कटौती के 45 दिन के अंदर रिफंड मिलेगा। यह छूट 21 मार्च से 15 अप्रैल तक होगी। उसके बाद पुराने नियम के तहत ही टिकट रिफंड होगा। जंक्शन के सीएमआई संजीव दुबे ने बताया कि अगले आदेश तक प्लेटफार्म पर एक ठेकेदार की एक ही ट्राली रहेगी। स्टाल और ठेलियों पर पानी और डिब्बा बंद खाद्य पदार्थ ही मिलेंगे। इसके अलावा स्टेशन पर खाना बनेगा और न ही बाहर से खाना लाकर बेचा जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी नियमों को सख्ती से पालन कराया जाएगा।
बाघ एक्सप्रेस रद्द, 23 को संचालित होगी
इज्जतनगर रेल मंडल ने काठगोदाम से हावड़ा जाने वाली एक्सप्रेस का संचालन रद्द कर दिया है। पहले ट्रेन को 9:30 के बजाए 11 बजे चलाने का आदेश दिया था, लेकिन ऐन मौके पर ट्रेन का संचालन रद्द कर दिया गया। अब बाघ एक्सप्रेस को 23 मार्च को विधिवत संचालित किया जाएगा।