रेलवे रविवार को लखनऊ से लक्सर तक अप लाइन पर चार घंटे का ब्लॉक लेकर स्लीपर और पटरियों की मरम्मत करेगा, जिसके चलते वाराणसी से बरेली आने वाली बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस बरेली-लखनऊ के बीच रद्द रहेगी। सीतापुर पैसेंजर भी शाहजहांपुर रोजा के बीच रद्द रहेगी।
रेलवे का इंजीनियरिंग अनुभाग रविवार को एक बार फिर से अप लाइन पर ब्लॉक लेकर पटरियों की मेंटीनेंस करेगा। लखनऊ से हरदोई सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक, हरदोई से रोजा सुबह 10:20 से दोपहर 2:20, रोजा से बरेली 11:15 से 03:15, बरेली से रामपुर 11:45 से 03:45, रामपुर से मुरादाबाद 12:30 से शाम 04:30 और मुरादाबाद से लक्सर तक सुबह 10:55 से दोपहर 2:55 बजे तक ट्रेनों का संचालन रुका रहेगा।
वाराणसी से जंक्शन पहुंचने वाली बरेली वाराणसी एक्सप्रेस वाराणसी से लखनऊ तक आएगी, वहीं से वाराणसी को वापसी करेगी। यह ट्रेन लखनऊ बरेली के बीच रद्द रहेगी। इसके अलावा सीतापुर शाहजहांपुर पैसेंजर रोजा से ही सीतापुर के लिए वापस होगी। यह ट्रेन शाहजहांपुर और रोजा के बीच रद्द रहेगी।
दरभंगा से अमृतसर जननायक एक्सप्रेस और हावड़ा से हरिद्वार कुंभ एक्सप्रेस दो घंटे देरी से जंक्शन पहुंचेगी। रामनगर मुरादाबाद रूट की पैसेंजर ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी।