तिलहर स्टेशन के पास सिग्नल केबल कटने से चार घंटे ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। मामला मुरादाबाद मंडल मुख्यालय तक पहुंचा तो हड़कंप मच गया। इसके बाद तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर केबल ठीक की। तब कहीं ट्रेनों का संचालन सुचारू हुआ।
तिलहर स्टेशन के पास बिजली विभाग भूमिगत केबल बिछाने का काम करा रहा है। शनिवार सुबह करीब आठ बजे जेसीबी से खोदाई के दौरान सिग्नल केबल कट गई। इससे ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। कंट्रोल रूम को सिग्नल फेल होने की जानकारी हुई तो बिजली विभाग का काम रुकवा दिया गया। इस दौरान बरेली रोजा पैसेंजर, चंडीगढ़ हावड़ा एक्सप्रेस, कुंभ एक्सप्रेस सहित कई मालगाड़ियों को रोक दिया गया। मुरादाबाद और बरेली जंक्शन की तकनीकी टीमों ने कटी सिग्नल केबल को दुरुस्त कर दोपहर 12 बजे ट्रेनों का संचालन शुरू कराया। मंडल मुख्यालय सेे मामले की उच्च स्तरीय कमेटी से जांच कराने के निर्देश के बाद स्टेशन अधीक्षक के स्तर से इसकी रिपोर्ट तैयार की गई है। माना जा रहा है कि रेलवे प्रशासन नुकसान की भरपाई के लिए बिजली विभाग के समक्ष दावा पेश करेगा।
जंक्शन परिसर में 36 घंटे से बिजली संकट
जंक्शन परिसर भी 36 घंटे से बिजली संकट से जूझ रहा है। गुरुवार रात तीन बजे रेलवे सब स्टेशन में फाल्ट आने के बाद मरम्मत कार्य शुरू हुआ, लेकिन शनिवार शाम तक व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी। आरक्षण काउंटर, टीटीई कक्ष, लोको पायलट ड्यूटी कक्ष, पॉवर केबिन सहित सभी अनुभागों में कामकाज प्रभावित है। जंक्शन के आरक्षण काउंटर तो इमरजेंसी पॉवर के भरोसे चले, हालांकि टिकट बनाने में दिक्कर्त आइं। त्योहार पर यात्रियों का दबाव भी अधिक रहा। स्टेशन मास्टर चेतन शर्मा के मुताबिक रेलवे के बिजली सब स्टेशन में फाल्ट आ ने से गुरुवार रात तीन बजे ब्लैक आउट हो गया। दो घंटे के अंदर व्यवस्था को सुधारा गया और बिजली दोबारा दी गई, लेकिन रविवार शाम तक बिजली सप्लाई पूरी तरह सुचारू नहीं हो सकी।
जननायक एक्सप्रेस 33 घंटा लेट, आला हजरत न चलने पर हंगामा
बरेली। दरभंगा से आने वाली जननायक एक्सप्रेस जंक्शन पर करीब 33 घंटा देरी से पहुंची। इसे लेकर यात्रियों ने हंगामा किया। रेलवे स्टाफ ने यात्रियों को समझाकर शांत कराया। वहीं वाराणसी से रायबरेली चलने वाली 14258 ट्रेन आठ घंटा देरी से चली। आला हजरत एक्सप्रेस शनिवार को भी समय पर नहीं चली। इससे परेशान यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। दोपहर के वक्त आला हजरत रवाना की गई। अमृतसर नई दिल्ली एक्सप्रेस भी 16 घंटा देरी से चली।