रेल मंत्री पीयूष गोयल ने भाजपा की विजय संकल्प सभा में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में इस बार 73 प्लस सीटें जीतेगी। इनमें 74 वीं सीट अमेठी की होगी। वहां स्मृति ईरानी चुनाव जीत रही हैं। रेल मंत्री ने दावा किया अमेठी में राहुल गांधी ने चुनाव से पहले ही हार मान ली है। वह अमेठी छोड़कर केरल की ओर भाग निकले हैं, लेकिन वह वहां भी चुनाव नहीं जीत पाएंगे।
मनोहर भूषण इंटर कॉलेज के मैदान में रविवार को आयोजित भाजपा विजय संकल्प रैली में गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को दुनिया की तीन बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में लाकर खड़ा कर दिया है। भारत अब विश्व की सबसे तेज उभरती हुई अर्थव्यवस्था वाला देश है। प्रत्येक नागरिक तेज गति से तरक्की कर रहा है। रेल मंत्री ने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान पर एयर सर्जिकल स्ट्राइक करके यह भी जता दिया कि भारत आतंक के खिलाफ कठोर और निर्णायक कार्रवाई भी कर सकता है। 42 करोड़ असंगठित मजदूरों को 3000 रुपये मासिक पेंशन देने का निर्णय गरीबों का जीवन स्तर उठाने वाला है।
24 मार्च का दिन ऐतिहासिक बताते हुए रेल मंत्री ने कहा कि इस दिन मोरारजी देसाई देश के पहले गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री बने थे। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, मेयर उमेश गौतम, सांसद धर्मेंद्र कश्यप, पूर्व मेयर सुभाष पटेल और विधायकों ने भी सभा को संबोधित किया।