बिजली विभाग से सेतु निगम अफसरों ने मांगा एस्टीमेट, पानी और सीवर की लाइन भी शिफ्ट होगी
विज्ञापन
बिजली-पानी और सीवर लाइन हटाने के बाद ही शुरू होगा काम
बरेली। कुतुबखाना में फ्लाईओवर बनाने के लिए सेतु निगम ने सर्वे पूरा कर लिया है। सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक फ्लाईओवर के पिलर बनाने को गहरी खोदाई करने के लिए यहां अंडरग्राउंड बिजली की लाइनों, ट्रांसफार्मर, पोल और पानी-सीवर की लाइन को शिफ्ट करना पड़ेगा। सेतु निगम की ओर से इसके बाद बिजली विभाग के अफसरों को पत्र लिखकर बिजली की लाइनें हटाने के लिए जल्द एस्टीमेट देने को कहा गया है। नगर निगम और जल निगम को भी पानी और सीवर की लाइन हटाने को कहा गया है।
कुतुबखाना फ्लाईओवर को लेकर एक तरफ व्यापारियों का विरोध लगातार जारी है, वहीं सेतु निगम निर्माण संबंधी तैयारियों में जुटा हुआ है। सर्वे का काम पूरा करने के बाद सेतु निगम ने अब फ्लाईओवर मार्ग बिजली की अंडरग्राउंड लाइनों को शिफ्ट करने के लिए बिजली विभाग को पत्र लिखा है। सेतु निगम ने बिजली विभाग से जल्द से जल्द एस्टीमेट बनाने को कहा है। बिजली लाइन के अलावा कई पोल और ट्रांसफार्मरों को भी हटाया जाना है। इसके अलावा नगर निगम और जल निगम को भी पत्र लिखा गया है। इन दोनों विभागों से भी सीवर और पानी लाइन को शिफ्ट करने के लिए कहा गया है। सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक देवेंद्र सिंह ने बताया कि बिजली, पानी और सीवर लाइन शिफ्ट होने के बाद ही यहां कोई काम शुरू हो सकेगा। इन लाइनों को बचाकर खोदाई करना संभव नहीं है।
बता दें कि कुतुबखाना में स्मार्ट सिटी योजना के तहत करीब सौ करोड़ की लागत से 1600 मीटर का फ्लाईओवर तैयार किया जाना है। पिछले सप्ताह शुक्रवार को ही स्मार्ट सिटी की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिली थी। वहीं, फ्लाईओवर का व्यापारी लगातार विरोध भी कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि यहां फ्लाईओवर बनने से उनका व्यापार चौपट हो जाएगा। शासन अंडरपास बनवाए या यहां की ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर कर और अतिक्रमण हटवा कर लोगों को जाम से निजात दिलाए लेकिन फ्लाईओवर का निर्माण न किया जाए।