बरेली। कुतुबखाना फ्लाईओवर की जगह अंडरपास की संभावनाएं खत्म होने के बाद व्यापारियों को फ्लाईओवर के लिए रजामंद करने को जल्द एक बैठक बुलाई जा सकती है। बैठक में प्रशासन व्यापारियों को इस बात के लिए राजी करने की कोशिश करेगा कि फ्लाईओवर का विरोध न करें।
कुतुबखाना पर व्यापारी अंडरपास बनवाने की मांग कर रहे हैं, जबकि सेतु निगम यहां अंडरपास के निर्माण की संभावनाओं को खारिज कर चुका है। व्यापारियों की मांग थी कि कोई बाहरी कंपनी यहां अंडरपास के लिए सर्वे करे। इसके बाद नोएडा की टीम से सर्वे कराया गया। इस सर्वे में भी यही बात निकलकर आई कि यहां अंडरपास बनना मुमकिन नहीं है। खोदाई करते ही आसपास की इमारतें ढेर हो जाएंगी। माना जा रहा है कि स्मार्ट सिटी से जुड़े अधिकारी फ्लाईओवर के निर्माण की तरफ ही अब तेजी से बढ़ेंगे। ऐसे में व्यापारियों को फ्लाईओवर के लिए रजामंद करने के लिए जल्द ही बैठक बुलाई जा सकती है। वहीं व्यापारियों का कहना है कि उन्हें फ्लाईओवर किसी भी हाल में मंजूर नहीं है। जिला प्रशासन यदि फ्लाईओवर की जिद पर अड़ा तो वह लोग धरना देने पर मजबूर होंगे लेकिन फ्लाईओवर नहीं बनने देंगे।