बिहार सहित कई दूसरे राज्यों से आए 68 लोग अभी शेल्टर होम में ही ठहरेंगे
विज्ञापन
घर पहुंचने के बाद भी 14 दिन रहना होगा होम क्वारंटीन
बरेली। पिछले 14 दिनों से जिले के शेल्टर होम और क्वारंटीन सेंटरों में रह रहे 447 प्रवासी मजदूरों को घर भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है। उनके स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके बाद रोडवेज बसों से इन्हें घर तक पहुंचाया जाएगा। हालांकि बिहार समेत कुछ दूसरे राज्यों से लौटे 68 लोग अभी शेल्टर होम में ही रहेंगे। इनके बारे शासन से निर्देश आने के बाद फैसला लिया जाएगा।
दिल्ली, एनसीआर, हरियाणा समेत दूसरे राज्यों में बेघर और बेरोजगार होकर लौटे तमाम प्रवासी मजदूरों को प्रशासन के शेल्टर होम में क्वारंटीन किया गया था। 515 प्रवासी मजदूर हरूनगला, फ्यूचर कॉलेज के साथ मीरगंज, बहेड़ी में बनाए गए शेल्टर होम में रह रहे हैं। क्वारंटीन अवधि पूरी होने के बाद शासन के निर्देश पर इन्हें घर भेजने की तैयारी है। शासन से अभी बरेली और यूपी के दूसरे जिलों में रहने वाले 447 मजदूरों को ही भेजने के निर्देश हैं। बिहार समेत दूसरे राज्यों से आने वालों के लिए अभी गाइडलाइन नहीं मिली है। डीएम नितीश कुमार ने बताया कि जिन मजदूरों को घर भेजना है, उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराकर इसका सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा। घर पहुंचने के बाद भी इन लोगों को 14 दिन होम क्वारंटीन रहना होगा।
सभी प्रवासी मजदूरों को दिया 15 दिन का राशन
हरूनगला में नगर निगम के बने शेल्टर होम में 111 प्रवासी मजदूर क्वारंटाइन किए गए थे। मंगलवार को तहसीलदार सदर आशुतोष गुप्ता की मौजूदगी में इन का चेकअप किया गया। चूंकि इन मजदूरों को घर लौटकर भी 14 दिन क्वारंटाइन रहना है लिहाजा तहसील प्रशासन की ओर से इन सभी को 15 दिन का राशन दिया गया है।