बरेली। नगर निगम की ओर से हर मंगलवार को आयोजित किया जाने वाला संभव समाधान दिवस औपचारिकता बनकर रह गया है। यहां आने वाली शिकायतों का समाधान कराने की बजाय जिम्मेदार कागजों पर पुट्टी (धरातल पर समाधान करने की बजाय कागजों पर सब सही दिखाना) करने का काम कर रहे हैं। परेशानी से निजात न मिलने की वजह से लोग परेशान हो रहे हैं।
मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग नगर निगम में आयोजित संभव समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। यहां बैठे अफसर शिकायतकर्ताओं को आश्वासन की घुट्टी देकर लौटा रहे थे। पिछले मंगलवार को जिन लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी, उनसे बात करने पर नगर निगम के दावों की कलई खुल गई।
बीते मंगलवार को पीर बहोड़ा निवासी नफीस अंसारी ने गली में कीचड़ और गंदा पानी भरे होने की शिकायत की थी। निर्माण विभाग के अभियंताओं ने सात दिन में समाधान की बात कही थी। शिकायतकर्ता नफीस अंसारी ने अमर उजाला को मौके के फोटो साझा करते हुए कहा कि पहले जैसे हालात हैं। घर के निकलना दुश्वार हो गया है। लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
जलनिकासी में बाधा बने अतिक्रमण नहीं हटाया
सुरेश शर्मा नगर निवासी धर्मेंद्र सिंह ने घर के आगे नाली चोक होने की शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि मौके पर कर्मचारी आए जरूर मगर वह नाली की सफाई करके चले गए। जलनिकासी में बाधा बने अतिक्रमण नहीं हटाए गए। नवादा शेखान निवासी रामऔतार ने बताया कि उन्होंने अतिक्रमण हटाने में भेदभाव की शिकायत की थी लेकिन अब तक समाधान नहीं हो सका। नाली पर जो अवैध निर्माण थे, वे अब भी बरकरार हैं। ब्यूरो
अतिक्रमण और टैक्स के बिलों में त्रुटियों के मुद्दे उठाए
नगर निगम के संभव समाधान दिवस में मंगलवार को कटघर के हामिद अली ने अतिक्रमण की शिकायत की। रहपुरा चौधरी की पुष्पलता ने टैक्स के बिल में त्रुटि का मुद्दा उठाया। कानून गोयान की शशि अग्रवाल ने जल निकासी न होने की शिकायत की। बाग ब्रिगटान के सैमुअल ने स्ट्रीट लाइट खराब होने की शिकायत की। राशिद मियां ने बुखारा रोड से अतिक्रमण हटाने की मांग की। नगर निगम के अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया।
जो लोग शिकायत के निस्तारण से संतुष्ट नहीं हैं, उनके मामले में निस्तारण के संबंध में दी गई आख्या को सामने रखते हुए मौके की स्थिति फिर से दिखावएंगे। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त