बरेली। राइफल क्लब के इंडोर शूटिंग रेंज में अभ्यास करने से रोकने पर बृहस्पतिवार से धरने पर बैठीं चार बार राष्ट्रीय स्तर की निशानेबाजी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली नेहा की मांग को अधिकारी अनसुना कर रहे हैं। एक दिन बीत जाने के बाद भी अधिकारी मामले की सुध लेने तक नहीं पहुंचे। अधिकारियों को छुट्टी के आगे महिला खिलाड़ी की सुरक्षा तक का ख्याल नहीं आया।
नेहा ने कहा, यह बेहद दुखद है। एक खिलाड़ी की आवाज अनसुनी की जा रही है। दोहरा रवैया अपनाया जा रहा है। अन्य लोग जब अंदर खेल रहे हैं और तो वहीं क्यों मिट्टी में प्रशिक्षण करें? अधिकारी जब तक इस प्रश्न का लिखित में उत्तर नहीं देंगे, तब तक वह धरना देती रहेंगी। उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी का जीवन और कॅरिअर सरकारी संसाधनों पर निर्भर करता है। ऐसे में जिम्मेदारों को क्लब की इंडोर शूटिंग रेंज में अभ्यास करने से उन्हें नहीं रोकना चाहिए।
मामले में नगर मजिस्ट्रेट राजीव कुमार शुक्ल ने बताया कि नेहा को खुले में बनी शूटिंग रेंज में अभ्यास करने की अनुमति विभाग के बाबू के सामने प्रदान की गई है। हैंडओवर न होने के कारण अभी 25 मीटर रेंज पर अभ्यास की अनुमति नहीं दी जा सकती है। साथ ही खिलाड़ी की सुरक्षा के लिहाज से पुलिस तैनात कर दी है। संवाद