बरेली। अभिभावक संघ ने निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ सोमवार को शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि स्कूल अभिभावकों पर फीस जमा करने के लिए नाजायज दबाव बना रहे हैं। अगर स्कूलों की मनमानी नहीं रुकी तो 24 सितंबर को प्रदर्शन किया जाएगा।
अभिभावक संघ के अध्यक्ष अंकुर सक्सेेना ने कहा कि कई स्कूल व्हाट्सएप ग्रुपों में फीस को लेकर अनावश्यक दबाव बना रहे हैं। अगर स्कूलों ने ऐसा करना बंद नहीं किया तो अभिभावक संघ को मजबूरन प्रदर्शन करना पड़ेगा। यदि फिर भी स्कूलों की ओर से आश्वासन नहीं मिला तो बेमियादी आंदोलन छेड़ दिया जाएगा। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष काशिफ जमाल, डॉ. रुचि कपूर, विशाल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।