नवाबगंज। स्टेशन के पास सुनसान इलाके में स्थित घर में देह व्यापार की गतिविधियों पर ग्रामीणों ने हंगामा किया तो मकान मालिक की पत्नी और एक युवक भाग निकले। मकान मालिक व बरेली के राजेंद्रनगर की रहने वाली युवती को ग्रामीणों ने पकड़कर पीट दिया और बाहर पड़ी चारपाई में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले आई। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने मकान मालिक को जेल भेज दिया, जबकि युवती को जमानत दे दी।
इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि आरोपी कौशल शर्मा ने बताया कि वह अपनी पत्नी के सहयोग से बिजौरिया स्टेशन के पास बने घर में पूरनपुर, पीलीभीत, बरेली और शाहजहांपुर से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार कराता था। पुलिस ने आरोपी कौशल शर्मा के पास से 1200 रुपये और युवती से 700 रुपये बरामद किए हैं। साथ ही, आपत्तिजनक वस्तुएं और दवाइयां भी मिली हैं।
कौशल का है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, कौशल शर्मा उर्फ पंडित दो माह पहले तमंचे के साथ पकड़ा गया था। तब उसे जेल भेजा गया था। जेल से बाहर आने के बाद भी उसने अपराध की राह नहीं छोड़ी। वह अपनी पत्नी के साथ मिलकर देह व्यापार कराने लगा था।
ग्रामीणों की शिकायत पर कार्रवाई
एक माह पहले इसी गांव की एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ हुई थी। ग्रामीणों ने तब भी इस मकान में संदिग्ध गतिविधियों का आरोप लगाया था। इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि तब से सड़क पर पुलिस की ड्यूटी लगाई जा रही थी। इससे दिन के समय ऐसी घटनाएं नहीं हुईं। ग्रामीणों की मदद से ही पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है।