बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के महानगर निवासी रुविवि के प्रोफेसर सुनील कुमार सिंह (57) की शनिवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनके भाई प्रदीप कुमार ने यूपी 112 पर हत्या होने की सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम में भी मौत का कारण साफ नहीं हो सका है। बिसरा सुरक्षित किया गया है। फिलहाल पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के महानगर निवासी सुनील कुमार सिंह अपने छोटे बेटे सिद्धार्थ और पत्नी के साथ यहां पर रहते थे। उनका काफी समय से स्वास्थ खराब चल रहा था। उनका बड़ा बेटा रिक्की नोएडा में रहकर निजी कंपनी में नौकरी करता है। शनिवार की देर रात वह अचानक कमरे में गिर पड़े। जिसके कारण उनके मुंह से खून आ गया। परिवार वाले उनको लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रोफेसर के मुंह से खून निकल रहा था। इसको देखकर उनके चचेरे भाई प्रदीप ने पुलिस को हत्या होने की सूचना दी। मामले को लेकर पुलिस ने परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है।
इज्जतनगर इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम में मौत का कारण साफ नहीं हो सका है। बिसरा सुरक्षित किया गया है। पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है। वह मुरादाबाद के मूल निवासी है। हालांकि परिवार वाले इस बारे में कुछ भी नहीं बता रहे है। अभी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोई तहरीर नहीं मिली है।