बरेली। नई औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने के संबंध में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में पहली बैठक हुई। इसमें तय हुआ कि टाउनशिप के लिए जमीन की खरीदारी भू-स्वामियों की सहमति से की जानी है। जमीन गांव रसूला चौधरी और मीरगंज के गांव भिटौरा नौगवां उर्फ फतेहगंज पश्चिमी, चिटौली एवं रहपुरा जागीर में चिह्नित हुई है। कुल चिह्नित भूमि 124.3703 हेक्टेयर है।
बैठक में डीएम अविनाश सिंह ने मीरगंज एवं सदर एसडीएम को निर्देश दिए कि वह संबंधित किसानों के स्वामित्व की जल्द ही जांच पूरी कर लें और रिपोर्ट दें। दोनों तहसीलों के उप निबंधक को निर्देश दिए हैं कि पिछले छह माह के बैनामो के संबंध में रिपोर्ट दें।
गांव रहपुरा जागरी चकबंदी में है, इसलिए यहां के चकबंदी अधिकारी को गांव के अभिलेख तत्काल पूरे कर तहसील को उपलब्ध कराने को कहा गया है। यह कार्यवाही पूरी होने के बाद किसानों की सहमति प्राप्त कर त्रुटिरहित बैनामों की कार्यवाही शुरू की जाएगी।
अधिशासी अभियंता लघु सिंचाईं एवं अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को संबंधित जमीनों पर अवस्थित परिसंपत्तियों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद