बरेली। 300 बेड अस्पताल से फरार कोरोना संक्रमित बंदी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने फिर उसकी जांच कराई। रिपोर्ट निगेटिव आने पर उसे बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया गया। पूछताछ के बावजूद पुलिस हथकड़ी बरामद नहीं कर सकी।
बहेड़ी के रहने वाले अशोक उर्फ बिल्लू को इज्जतनगर पुलिस ने चोरी के मामले में पकड़ा था। उसके पास से चोरी का माल भी बरामद हुआ था। जेल भेजने से पहले जब उसका कोरोना टेस्ट कराया गया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। लिहाजा उसे दो फरवरी को पुलिस अभिरक्षा में 300 बेड कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। उसके पैर में हथकड़ी लगाकर उसकी रस्सी बेड से बांध दी गई। पांच फरवरी की सुबह बिल्लू पुलिसकर्मियों को गच्चा देकर भाग गया। इसके बाद एसएसपी ने उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। पुलिस ने 10 फरवरी को उसे गिरफ्तार कर लिया, लेकिन उसके पैर में हथकड़ी नहीं थी। चौकी इंचार्ज अंगद सिंह ने बताया कि इस बार बिल्लू की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद उसे जेल भेज दिया।
पुलिस ने बिल्लू से हथकड़ी के बारे में पूछा तो उसने बताया कि हथकड़ी को उसने कटवाया नहीं था बल्कि खुद ही पैर से निकालकर फेंक दिया। पुलिस ने काफी तलाशा लेकिन हथकड़ी नहीं मिल सकी। इससे पहले उसे रात भर कोतवाली में अलग कमरे में रखा गया। पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित मानकर उससे दूरी बनाए रहे हालांकि उस पर कड़ी नजर रही।