बरेली। बरेली कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर पूरे दिन हंगामा होता रहा। छात्रनेताओं ने प्राचार्य आफिस में ताला लगाकर काफी देर तक प्रदर्शन और नारेबाजी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने जैसे तैसे मामला शांत कराया, हालांकि छात्रनेताओं ने कहा कि बुधवार को फिर धरने पर बैठेंगे।
छात्रसंघ चुनाव न होने की आधिकारिक घोषणा के बाद विरोध शुरू हो गया है। समाजवादी छात्र सभा और निर्दल छात्र एकता के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्राचार्य ऑफिस में ताला बंदी की और विद्यार्थियों को भी परीक्षा फार्म जमा करने से रोका। इसके बाद काफी देर तक नारेबाजी करते रहे। छात्रनेताओं ने कहा कि उनका धरना तब तक चलता रहेगा जब तक छात्रसंघ चुनाव घोषित नहीं हो जाते हैं। तोड़फोड़ की आशंका पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जैसे तैसे मामले को शांत कराने का प्रयास किया। बाद में छात्रनेताओं ने कह कि बुधवार से बरेली कॉलेज में फिर धरना शुरू करेंगे। इस दौरान विशाल यादव, रोहित यादव, धूपेंद्र जायसवाल, अवनीश चौबे, रॉबिन जायसवाल, अरविंद सिंह, गुरु वचन सिंह, राशिद, राज प्रताप, विजय आदि शामिल रहे।