बरेली। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और विधायक संजय कपूर ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव कांग्रेस अपने दम पर अकेले लड़ेगी फिलहाल गठबंधन से चुनाव लड़ने जैसी कोई संभावना नहीं है और इसके लिए पार्टी नेतृत्व पूरी तैयारी में जुटा हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से दरगाह आला हजरत पर चादरपोशी के लिए प्रदेश अध्यक्ष निर्मलकांत खत्री के साथ पहुंचे कपूर ने पार्टी नेता नवाब मुजाहिद के निवास पर पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि आज देश में जिस तरह से सांप्रदायिकता का माहौल है, उससे उसे उबारने में कांग्रेस ही सक्षम है। कांग्रेस से सपा के गठबंधन के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रस्ताव की शर्त पर संजय कपूर ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि प्रस्ताव कोई भी दे सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांप्रदायिक ताकतों से मुकाबले के लिए खुद में समर्थ है। हमेशा उसने सांप्रदायिकता से मुकाबला किया है।