बरेली। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के चलते 29 अक्तूबर से एक नवंबर तक अभ्यर्थियों की आवाजाही के चलते ट्रेनों में भीड़ रहने की संभावना है। इसको लेकर रेलवे ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अतिरिक्त टिकट काउंटर, हेल्प डेस्क बनाने के साथ ही परीक्षा विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएंगीं। जंक्शन पर आरपीएफ-जीआरपी की आठ संयुक्त टीमें तैनात रहेंगी।
30 अक्तूबर को होने वाली परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों का शहर पहुंचना 29 अक्तूबर की रात से शुरू हो जाएगा। बरेली में 23 परीक्षा केंद्र हैं। पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, मेरठ, गाजियाबाद, अमरोहा और आगरा समेत दूसरे शहरों में परीक्षा देने जाने वाले अभ्यर्थियों की आवाजाही भी बढ़ेगी। 30 अक्तूबर को परीक्षा के बाद वापसी और एक नवंबर की परीक्षा के लिए 31 अक्तूबर से होने वाले आगमन के चलते भीड़ का दबाव बना रहेगा।
इसके लिए रेलवे बरेली होकर मुरादाबाद-लखनऊ, शाहजहांपुर-बिजनौर और पीलीभीत-मथुरा रूट पर परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा। जंक्शन पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए आरपीएफ-जीआरपी की आठ संयुक्त टीमें लगाई जाएंगी। भीड़ बढ़ने पर अभ्यर्थियों को वेटिंग हॉल में बैठाया जाएगा, ताकि प्लेटफार्म पर एक साथ भीड़ न पहुंचे। संवाद