बरेली। विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रशासन मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता और सुरक्षा का आकलन करने के साथ ही मतदाताओं को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों और समूहों को चिह्नित करने की तैयारी में है। संवेदनशील बूथों की रिपोर्ट बनेगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को तहसील सदर के तहत भोजीपुरा, बिथरी चैनपुर, बरेली नगर, कैंट विधानसभा क्षेत्रों के सेक्टर अधिकारियों और पुलिस सेक्टर अधिकारियों के साथ बैठक में डीएम ने निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सेक्टर और पुलिस सेक्टर अधिकारियों को मतदान केंद्रवार वल्नरेबिलिटी (संवेदनशीलता) रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम जोड़ने के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए कहा है।
पिछले लोकसभा, विधानसभा और निकाय चुनावों के दौरान दर्ज अपराधों, आचार संहिता उल्लंघन के मामलों और एफएसटी-एसएसटी टीमों की ओर से जब्त धनराशि व सामग्री का विश्लेषण कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा। जिला बदर, गैंगस्टर, एनडीपीएस और अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी निगरानी के निर्देश भी दिए। मतदान केंद्रों पर व्यवस्था के निरीक्षण के निर्देश दिए। सेक्टर अधिकारियों और संबंधित कार्मिकों को ईवीएम और वीवीपैट संचालन का प्रशिक्षण पर जोर दिया।
18 साल के युवाओं के नाम जुड़वाने पर जोर
जीआईसी ऑडिटोरियम में बरेली कैंट विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ और सुपरवाइजरों के साथ बैठक में सोमवार को डीएम ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा की। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और किसी कारणवश मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाने के निर्देश दिए। अनुपस्थित और स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर जा चुके मतदाताओं को भी चिह्नित कर सूची बनाने के लिए कहा।