बरेली। रोडवेज ने दीपावली से पहले ग्रामीण और नए रूटों पर रोडवेज बस सेवा की तैयारी शुरू कर दी है। इससे पहले परिक्षेत्र के बेड़े में 30 नई बसों को शामिल किया जाएगा। सितंबर अंत और अक्तूबर के दूसरे सप्ताह तक यह बसें मिलने की उम्मीद है। इसके बाद बरेली-जयपुर, बरेली-टनकपुर, बरेली-हरिद्वार, बरेली-देहरादून, बरेली-दिल्ली और बरेली-लखनऊ मार्ग पर बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
वहीं, परिक्षेत्र के बरेली, रुहेलखंड, पीलीभीत और बदायूं डिपो के रूटों पर आने वाले बड़ी आबादी के गांवों को ब्लॉक, तहसील व जिला मुख्यालय तक रोडवेज बस सेवा देने के लिए रोडवेज मुख्यालय ने रूटों की सूची मांगी है। इन रूटों पर बसों के संचालन के लिए 2023 और फिर 2024 में सर्वे हो चुका है। ग्रामीण बस सेवा के लिए चारों डिपो की 15-15 बसों को आरक्षित किया जाएगा।
आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि चारों डिपो के एआरएम को इस संबंध में निर्देशित किया गया है। जिन रूटों पर बसों की संख्या कम है वहां संख्या बढ़ाई जाएगी। जिन रूटों के लिए ट्रेन सेवा नहीं है उन रूटों पर भी बसों के फेरों को बढ़ाया जाएगा। संवाद