बरेली। हजरत शाह शराफत अली मियां के उर्स की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उर्स 22 से 25 अगस्त के बीच प्रस्तावित है। 24 अगस्त को उर्स शबाब पर होगा और जायरीन की आमद भी बढ़ेगी, इसी दिन सावन का अंतिम सोमवार भी पड़ रहा है। लिहाजा चादरों के जुलूस की तिथियों में बदलाव हो सकता है।
उर्स के दिनों में शाहबाद सहित कोहाड़ापीर, कुतुबखाना, बांस मंडी आदि इलाकों में जायरीन की भीड़ रहती है। शाहबाद में होने वाले चार दिवसीय उर्स-ए-शाह शराफत अली मियां के संबंध में दो दिन पहले स्मार्ट सिटी हाल में जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें दरगाह शाह शराफत अली मियां के प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को अवगत कराया कि 15 अगस्त को जुलूस-ए-परचम कुशाई होगा और 22 से 25 अगस्त तक उर्स का आयोजन किया जाएगा।
दरगाह के सज्जादानशीन शाह मोहम्मद गाजी मियां की सरपरस्ती में होने वाले उर्स को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में दरगाह की ओर से मुफ्ती रुम्मान सकलैनी, मौलाना मुख्तार सकलैनी, हमजा सकलैनी, हाजी लतीफ सकलैनी आदि मौजूद रहे।