मालदा टाउन एक्सप्रेस में गूंजी किलकारी
- फोटो : अमर उजाला
नई दिल्ली से मालदा टाउन जा रही मालदा टाउन एक्सप्रेस में बृहस्पतिवार देर रात उस समय खुशियां गूंज उठीं, जब एक गर्भवती महिला ने चलती ट्रेन में बेटी को जन्म दिया। मुरादाबाद के बाद महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी। रामपुर और बरेली के बीच कोच में मौजूद महिला यात्रियों ने प्रसव कराने में मदद की।
रेलवे कंट्रोल से सूचना मिलने पर बरेली जंक्शन पर आरपीएफ ने मोर्चा संभाला और ट्रेन पहुंचते ही एंबुलेंस की व्यवस्था कर महिला को जिला अस्पताल भिजवाया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
बिहार के भागलपुर जिले के मोहदीपुर हरिदासपुर निवासी चंदन कुमार अपनी पत्नी और मां के साथ नई दिल्ली से मालदा टाउन जा रहे थे। परिवार ट्रेन संख्या 14004 के एस-6 कोच में बर्थ नंबर 73, 74 और 75 पर यात्रा कर रहा था। सफर के दौरान मुरादाबाद के बाद चंदन की पत्नी को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल को दी गई। बरेली जंक्शन पर मेडिकल सहायता के लिए अलर्ट जारी किया गया, लेकिन ट्रेन के स्टेशन पहुंचने से पहले ही महिला ने बेटी को जन्म दे दिया।
रात 1:25 बजे मिली सूचना, सक्रिय हुई आरपीएफ
रेलवे कंट्रोल से रात 1:25 बजे एस-6 कोच में गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ने और डॉक्टर की जरूरत की सूचना मिली। इसके बाद बरेली जंक्शन पर मेडिकल सहायता की तैयारी की गई। ट्रेन रात 1:41 बजे स्टेशन पहुंची तो आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक मयंक चौधरी के निर्देशन में एसआई मुरसलीम मलिक, महिला कांस्टेबल करिश्मा और कांस्टेबल विनीत कुमार ने महिला की स्थिति का जायजा लिया।
ऑपरेशन मातृशक्ति के तहत पहुंचाई मदद
आरपीएफ ने तत्काल 108 एंबुलेंस बुलवाई। रात 2:10 बजे महिला को उसके परिजनों के साथ जिला अस्पताल भेज दिया गया। मौके पर रेलवे के अधिकारी, जीआरपी के कर्मचारी और रेलवे अस्पताल के सहायक वेदपाल भी मौजूद रहे। आरपीएफ ने महिला यात्री की सहायता की इस कार्रवाई को ऑपरेशन मातृशक्ति के तहत दर्ज किया।