बरेली। महिला चिकित्सालय में रविवार सुबह एक गर्भवती की मौत हो गई। प्राथमिक दृष्टया कार्डियक अरेस्ट या फिर परिजनों द्वारा निश्चेत अवस्था में पानी पिलाने से मौत होने की आशंका है। मौत की सटीक वजह की जानकारी के लिए अस्पताल प्रशासन ने डेथ ऑडिट का निर्णय लिया है।
किला के कटघर निवासी रोली को प्रसव पीड़ा होने पर पति सूरज शनिवार शाम 5:50 बजे उन्हें लेकर महिला चिकित्सालय पहुंचे थे। स्टाफ ने गर्भवती को इमरजेंसी लेबर वार्ड में भर्ती कर लिया। प्राथमिक जांच में प्रसव पीड़ा कम मिलने पर परिजन को इंतजार करने के लिए कहा गया। सामान्य प्रसव का आश्वासन भी दिया। गर्भवती की जांच में हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, पल्स रेट, ऑक्सीजन आदि का स्तर सामान्य मिला। रविवार सुबह 8:35 बजे गर्भवती की तबीयत बिगड़ने लगी। बेसुध होने पर परिजनों ने चिकित्सालय के स्वास्थ्यकर्मियों को सूचना दी।
महिला स्टाफ गर्भवती को प्रसव कक्ष में ले जाने के लिए बेड से स्ट्रेचर पर शिफ्ट करने लगी तो पता चला कि उनकी सांसें थम चुकी थीं। स्टाफ के मुताबिक गर्भवती का पहला प्रसव था। परिजनों को संभावित वजहें बताई गईं, फिर वे शव को लेकर घर लौट गए।
वर्जन
इस साल चिकित्सालय में गर्भवती की मौत का यह पहला मामला है। स्टाफ से पूछताछ की तो उन्होंने गर्भवती के पूर्व में किसी बीमारी से ग्रसित होने की बात परिजन द्वारा छिपाने या फिर कार्डियक अरेस्ट समेत बेसुध अवस्था में परिजन द्वारा पानी पिलाने से मौत की आशंका जताई। हालांकि, मौत की सटीक वजह पता करने के लिए डेथ ऑडिट कराया जाएगा। - डॉ. त्रिभुवन प्रसाद, सीएमएस, महिला चिकित्सालय