शहर की तमाम दरगाहों और मस्जिदों में यूक्रेन में फंसे भारतीयों की सलामती के लिए जुमा की नमाज में दुआ की गई। साथ ही उनकी सकुशल वापसी की भारत सरकार से मांग की गई।
किला स्थित शाही जामा मस्जिद में मुफ्ती खुर्शीद आलम और दरगाह आला हजरत की रजा मस्जिद में कारी रिजवान ने जुमे की नमाज अदा कराई। इसके बाद मुल्क में अमन-ओ-इत्तेहाद के साथ ही यूक्रेन में फंसे भारतीयों के लिए दुआ की गई। यूक्रेन और रूस के बीच अमन कायम होने की भी दुआ मांगी। इसी तरह नौमहला मस्जिद, मुफ्ती आजम हिंद मस्जिद, नूरी मस्जिद, काशीफुल उलूम मस्जिद सहित शहर की तमाम मस्जिदों में भी दुआ की गई।
हजरत शाहदाना वली दरगाह पर सोसाइटी की ओर से विषेश दुआ का आयोजन किया गया। इसमें मुतवल्ली अब्दुल वाजिद खां उर्फ बब्बू मियां, वसी अहमद वारसी, शिरोज सैफ कुरैशी, शान अहमद, शकील मिर्जा, जावेद खान, मिर्जा शहाब बेग, मिर्जा मुकर्रम बेग, गफूल पहलवान आदि शामिल रहे। खानकाह निजामियां के सज्जादानशीन पाशा मियां निजामी ने भी खास दुआएं कीं। यहां यावर अली खान, फैजान अहमद, सलीम रजा आदि मौजूद रहे।
यूक्रेन में फंसे बरेली के बच्चों की मदद के लिए आगे आई संस्था पैगामे इंसानियत
बरेली के यूक्रेन में फंसे बच्चों की मदद के लिए संस्था पैगामे इंसानियत आगे आई है। संस्था के अध्यक्ष इंजीनियर अहमद अजीज ने भारतीयों की हिफाजत की दुआ करते हुए कहा है कि जो लोग भी यूक्रेन में फंसे किसी बच्चे के बारे में जानते हैं, वे उनसे संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए संस्था की ओर से टोल फ्री नंबर 1800118797, 01123012113, 01123017905, 0112314104 जारी किए गए हैं।
इधर, जनसेवा टीम के अध्यक्ष पम्मी खान वारसी ने यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों की जल्द से जल्द सकुशल वापस लाने की मांग भारत सरकार से की है। बरेली सहित उत्तर प्रदेश के तमाम जिलों के लोग यूक्रेन में फंसे अपनों को लेकर परेशान हैं। आखिर में टीम के लोगों ने जंग बंद होने और सभी की हिफाजत, दुनिया में अमन चैन के लिए दुआ की। इसमें हाजी साकिब रजा खां, इरफान कुरैशी, डॉ. सीता राम राजपूत, नदीम खान, शोएब खान, हाजी यासीन कुरैशी आदि शामिल रहे।