देवरनियां। ग्राम निधि में गबन के मामले में ब्लाॅक दमखोदा के ग्राम पंचायत खमरिया गोपाडांडी के प्रधान के वित्तीय अधिकार सीज कर दिए गए हैं। अब गांव में विकास कार्यों के लिए कमेटी का गठन होगा।
पिछले दिनों ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर ग्राम प्रधान मो. आरिफ द्वारा विकास कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत की थी। इस पर डीएम ने संयुक्त टीम को मामले की जांच सौंपी। बताते हैं कि जांच में ग्राम प्रधान पर लगे ज्यादातर आरोप सही पाए गए। जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर अब इस मामले में ग्राम पंचायत सचिव, पूर्व सचिव के साथ अवर अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को दोषी ठहराया गया है।
डीएम ने कार्रवाई के बाद मामले की जांच उपायुक्त श्रम रोजगार और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता निर्माण खंड को सौंपी है। इधर, गांव में विकास कार्यों के लिए तीन पंचायत सदस्यों की समिति गठित करने को भी कहा गया है। संवाद
जांच में दोषी पाए जाने पर खमरिया गोपाडांडी के ग्राम प्रधान के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए गए हैं। तीन सदस्यों की समिति बनने की जानकारी नहीं है। एडीओ पंचायत ही बता पाएंगे।
- आशीपाल, बीडीओ, दमखोदा