शीशगढ़। बारिश से निपटने के लिए कस्बे की सरकार की तैयारी धरी की धरी रह गई। अब जब बारिश से कस्बे में जगह-जगह जलभराव हो गया, तब नगर पंचायत प्रशासन ने सफाई अभियान शुरू कर दिया है। इस बीच लोगों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा। हालांकि सफाई कर्मचारियों को बंद पड़े नालों को साफ-सुथरा रखने के लिए आदेश दिए गए हैं।
साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के लिए चेयरमैन नीलोफर ने प्रत्येक कर्मचारी का ड्यूटी चार्ट बना कर व्हाट्सएप ग्रुप पर जोड़ दिया है। अब प्रत्येक सफाई कर्मचारी को फोटो सहित अपनी उपस्थिति दिखाना अनिवार्य होगा। साफ–सफाई अच्छी तरह हो, इसकी निगरानी के लिए सभासदों को ग्रुप में जोड़कर निगरानी करने के लिए कहा गया है। सफाई अभियान की मॉनिटरिंग का जिम्मा चेयरमैन खुद संभालेंगी।
जलभराव की निकासी के लिए बहेड़ी रोड पर हो रहा नाले का निर्माण
बहेड़ी रोड पर जलभराव की समस्या का प्रमुख कारण पानी का निकास न होना भी है। पानी की निकासी के लिए बरसात के मौसम से डेढ़ माह पहले से रोड के किनारे एक बड़े नाले का निर्माण 40 लाख रुपये की लागत से हो रहा है। निर्माण पूरा हो जाने पर जलभराव की समस्या से निजात मिलने की बात बताई जा रही है। इसके बाद नाले का पानी सीधे कुल्ली नदी में पहुंचेगा। बताया जा रहा है कि इसका निर्माण अब तक पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन भुगतान न मिलने से बीच-बीच में इसका काम रुकता भी रहा।
कस्बे में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए बरसात से पूर्व ही काम शुरू कर दिया था। यह सफाई अभियान आगे भी जारी रहेगा। पानी की निकासी की किसी को समस्या न हो। इसके लिए व्हाट्सएप पर ग्रुप बना कर निगरानी की जा रही है।
-नीलोफर, चेयरमैन, नगर पंचायत शीशगढ़
-
बारिश और आंधी के बाद सैकड़ों गांवों की बिजली हुई गुल
गुलड़िया। बुधवार की देर रात तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। कई घंटे की झमाझम बारिश ने खेत-खलियानों में पानी-पानी कर दिया। ग्राम गुरुगांव में तेज आंधी से एक पुराना बरगद का पेड़ उखड़ गया, जिसके नीचे बंधी कुंवर पाल श्रीवास्तव की भैंस दब कर मर गई। इसके अलावा पुन्नापुर फीडर से संचालित गुलड़िया गौरी शंकर फीडर के सैकड़ों गांवों की सप्लाई बंद हो गई, जो देर शाम तक चालू नहीं हो सकी।
-
पुलिस चौकी और ब्लाॅक परिसर में भरा पानी, तमाम कागजात भीगे, आवागमन बंद
रामनगर। बुधवार की रात से हुई तेज बारिश से पुलिस चौकी रामनगर और ब्लाॅक परिसर में दो फुट तक पानी भर गया है, जिससे चौकी में रखे तमाम जरूरी कागजात और सामान भीग गए। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह से कागजात और जरूरी सामान को बाहर निकाला। इसके अलावा ब्लाॅक परिसर व कमरों में भी पानी भर गया है, जिससे यहां आवागमन बंद है।
पुलिस कर्मियों ने बताया कि बारिश के पानी में सांप और बिच्छू दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में यहां ठहरना खतरे से खाली नहीं है। हर साल मामूली बारिश में इस तरह की समस्या उत्पन्न हो जाती है। बताते हैं कि कई बार इस समस्या को अधिकारियों के सम्मुख उठाया गया, लेकिन आजतक इसका समाधान नहीं हुआ है।
-
मुंडिया अहमदनगर में हाईवे पर गिरा पेड़, लगा जाम
रिठौरा/हाफिजगंज। थाना इज्जतनगर के गांव मुंडिया अहमदनगर में फाइवस्टार होटल के सामने बरेली-पीलीभीत हाईवे पर तेज बारिश के बीच बृहस्पतिवार को अचानक पाकड़ का पेड़ गिर पड़ा, जिससे हाईवे किनारे लगे 11 हजार पावर के बिजली के खंभे गिर पड़े। इसके चलते लंबा जाम लग गया। हालांकि कोई हादसा नहीं हुआ।
पेड़ गिरने की सूचना निवर्तमान प्रधान वेदप्रकाश पटेल ने वन विभाग व पुलिस विभाग को दी। मौके पर पहुंचकर वन विभाग की टीम ने बिजली आपूर्ति बंद करवाकर ग्रामीणों, हिंदू महासंघ के कार्यकर्ताओं की मदद से पेड़ को हाईवे से हटवाया। बुधवार को भी एक पाकड़ का पेड़ बिजली की लाइन पर गिर गया था। इससे उस दिन भी बिजली आपूर्ति ठप रही थी। कड़ी मशक्कत के बाद बिजली सप्लाई शुरू की गई।
-
गर्मी से मिली राहत और फसलों को लाभ
मीरगंज। बृहस्पतिवार सुबह से ही रुक-रुककर हुई बारिश से गन्ने की फसलों को फायदा हुआ है। साथ ही पड़ रही भीषण गर्मी से भी लोगों को राहत मिली। इस बीच जगह-जगह जलभराव भी दिखा। दुनका में धनेटा-शीशगढ़ रोड तालाब जैसा दिखा, जहां ई-रिक्शा एवं दो पहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
क्षेत्र के लोगों ने पीडब्ल्यूडी विभाग को सड़क को ठीक कराने की शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बृहस्पतिवार को पहली बारिश होने पर गांवों में नालियां चोंक होने के कारण सड़कों पर पानी आता रहा।
हाइवे पर गिरे पेड को हटाती टीम
हाइवे पर गिरे पेड को हटाती टीम
हाइवे पर गिरे पेड को हटाती टीम