दो अन्य नाम भी मुकदमे में नामजद, 25-25 हजार का इनाम घोषित
बरेली। परगवां के प्रधान इश्हाक की हत्या पूर्व प्रधान मोहर सिंह ने अपने बेटे अनुराग, दामाद भगवत और उसके दो दोस्तों के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। विवेचना में सामने आए दो आरोपियों को मुकदमे में नामजद कर उन पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया है।
कैंट के गांव परगवां निवासी नवर्निवाचित प्रधान इश्हाक की 20 मई की शाम ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई थी। हमले में इश्हाक की पत्नी शकीना भी घायल हुई हैं। इस मामले में इश्हाक की बहन शीवा रानी ने पूर्व प्रधान मोहर सिंह, उसका बेटा अनुुराग, दामाद भगवत पटेल, पूर्व प्रधान रतनलाल और उसके बेटे राहुल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रतनलाल और राहुल घटना वाली रात से ही पुलिस हिरासत में हैं। इसके बाद पुलिस ने मोहर सिंह, उसके बेटे अनुराग और दामाद भगवत को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है। उनके कब्जे से 12 हजार रुपये बरामद हुए हैं और निशानदेही पर एक खंडहर से दो तमंचे भी बरामद किए हैं। आरोपियों ने चुनावी रंजिश में वारदात करने की बात कबूल की है। कैंट इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि तीनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम था। शुक्रवार को उन्हें जेल भेजा जाएगा।
खर्च उठाने का वादा कर मिलाया था दोस्तों को
पुलिस ने मोहर सिंह, उसके दामाद और बेटे से अलग-अलग बात की तो वारदात का पूरा खुलासा हो गया। सामने आया कि मोहर सिंह के कहने पर उसके दामाद भगवत ने लाल फाटक निवासी अपने दोस्त राहुल उर्फ धीरू और लोकेश को इस घटना में शामिल किया थर। इसके लिए कुछ रुपये तो नहीं दिए गए लेकिन तय हुआ कि उनके बाहर जाने या मुकदमा लिखे जाने पर पूरा खर्च मोहर सिंह उठाएगा। पुलिस अब राहुल और लोकेश को तलाश रही है। बताया जाता है कि राहुल भुता में भी एक हत्या कर चुका है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने इन दोनों पर भी 25-25 हजार का इनाम घोषित किया है।
मुखबिर महिला, रतनलाल और उसका बेटा भी जाएगा जेल
कैंट इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि परगवां की महिला आशिया ने मोहर सिंह को इश्हाक के घर से निकलने की जानकारी दी थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है, वह षडयंत्र रचने की दोषी है और जेल जाएगी। रतनलाल और उसका बेटा राहुल हत्या की वारदात में शामिल नहीं थे लेकिन उनका गालीगलौज का ऑडियो वायरल हुआ है। उस मामले में उन दोनों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। तीनों के ही खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
‘चुनावी रंजिश के चलते मोहर सिंह ने अपने बेटे, दामाद और दो अन्य के साथ प्रधान की हत्या की थी। मोहर सिंह, उसका बेटा व दामाद गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार दो आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।’ - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन
बरेली। इश्हाक की हत्या के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बृहस्पतिवार सुबह उनके परिजन और समर्थकों ने एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इससे पहले वे लोग कलक्ट्रेट भी पहुंचे। इश्हाक की बहन शीवा रानी और पत्नी शकीना की ओर से एसएसपी को दिए प्रार्थनापत्र में कहा गया कि रतनलाल और उसके बेटे राहुल की भी इस हत्याकांड में पूरी भूमिका है। किसी को संदेह न हो और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनी रहे, इसके लिए वे लोग वारदात के बाद घर में ही रुके रहे। उन पर भी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन लोगों ने मुखबिरी करने वाली महिला को भी हत्या के आरोप में ही जेल भेजने की मांग की। इस दौरान एसएसपी ने उन्हें बताया कि आरोपी गिरफ्तार हो गए हैं तो वे लोग शांत होकर चले गए। ब्यूरो