बरेली। गरीब कल्याण जनसभा को संबोधित करने आए कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण की बैठक में बिजली कहीं एक पल के लिए भी गुल न हो जाए, इसके लिए अफसरों के निर्देश पर घंटों तक जिला अस्पताल की बिजली सप्लाई बंद रखी गई। दोपहर तीन बजे मंत्री की बैठक निपटने के बाद सुबह आठ बजे से गुल बिजली की सप्लाई चालू की गई।
दरअसल, जिला अस्पताल की अंदरूनी अंडरग्राउंड एलटी लाइन में सोमवार सुबह आठ बजे फाल्ट हो गया था। चूंकि इस लाइन की देखभाल की जिम्मेदारी जिला अस्पताल के टेक्नीशियनों पर ही है, लिहाजा फाल्ट को ढूंढकर ठीक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से ही पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को फोन कर जिला अस्पताल फीडर पर सप्लाई बंद करने का अनुरोध किया गया था। इसके बाद इस फीडर पर सप्लाई बंद कर दी गई थी।
जिला अस्पताल के टेक्नीशियनों ने फाल्ट ढूंढकर दोपहर 12 बजे उसे ठीक करने के बाद फीडर पर सप्लाई चालू करने को कहा लेकिन इस बीच मौके का फायदा उठाते हुए पावर कॉरपोरेशन के अफसरों ने 132 केवी सबस्टेशन से जिला अस्पताल की लाइन को कलक्ट्रेट से जोड़ दिया था जहां जिले के प्रभारी मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। कलक्ट्रेट को दोहरी सप्लाई देने के पीछे मंशा यह थी कि प्रभारी मंत्री की बैठक के दौरान एक मिनट को भी बिजली ट्रिप न हो।
मंत्री की बैठक के चक्कर में जिला अस्पताल की लाइन ठीक होने के बावजूद बिजली की सप्लाई चालू नहीं हो पाई। दोपहर तीन बजे के बाद 132 केवी स्टेशन से जिला अस्पताल की लाइन से कलक्ट्रेट की सप्लाई बंद करके उसे दोबारा जिला अस्पताल से जोड़ा गया। तब कहीं जिला अस्पताल में बिजली की सप्लाई चालू हुई।
मंत्री की बैठक का हवाला दिया तो
सीएमओ भी बोले- कोई बात नहीं
कलक्ट्रेट में प्रभारी मंत्री की बैठक के बीच ही दोपहर 12 बजे जिला अस्पताल की लाइन जोड़ने के लिए कहा गया तो पावर कॉरपोरेशन के अफसर पशोपेश में पड़ गए। लाइन को हटाने और जोड़ने में कुछ समय के लिए कलक्ट्रेट की भी सप्लाई भी बंद हो सकती थी लिहाजा उन्होंने फोन पर बात कर यह समस्या सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह को बताई। उनसे अनुरोध किया कि अगर कुछ समय के लिए जिला अस्पताल में बगैर बिजली के काम चल सकता हो तो काम चला लिया जाए। सीएमओ के हामी भरने के बाद पावर कॉरपोरेशन के अफसर बेफिक्र हो गए। बैठक खत्म हुई तो जिला अस्पताल की लाइन जोड़ी गई।
दोपहर 12 बजे जिला अस्पताल की लाइन ठीक हो गई थी लेकिन एक ही वे से सप्लाई की वजह से लाइन बदलने पर कलक्ट्रेट में कुछ समय के लिए बिजली गुल हो सकती थी। इसी कारण उच्चाधिकारियों के निर्देशपर बैठक खत्म होने का इंतजार किया गया। - गौरव शर्मा, एसडीओ कुतुबखाना
बीबीजी की मस्जिद के पास भी सात घंटे बिजली गुल
सोमवार सुबह सात बजे बीबीजी की मस्जिद के पास लगे 400 केवी ट्रांसफार्मर में फाल्ट से बिजली गुल हो गई। दोपहर दो बजे ट्रांसफार्मर बदलने के बाद बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। इसके साथ इज्जतनगर क्षेत्र में जंपर फटने के कारण लगभग छह घंटे तक बिजली गुल रही। साहूकारा में भी लोकल फाल्ट के कारण तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इनके अलावा पुराना शहर, सुभाषनगर, सिविल लाइंस और कुतुबखाने में ट्रिपिंग से लोग दिन भर परेशान रहे।