बरेली। रामपुर रोड पर सुपीरियर फैक्टरी के पास पिछले पांच महीनों से राहगीरों का सफर खतरनाक बना हुआ है। मुख्य मार्ग पर तीन बड़े गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। इन गड्ढों के कारण लोग लगातार चोटिल हो रहे हैं।
विज्ञापन
करीब पांच महीने पहले यहां एक मुख्य पाइपलाइन फट गई थी। संबंधित विभाग ने लाइन ठीक करने के लिए सड़क खोदी थी। काम पूरा होने के बाद सड़क को ठीक से नहीं भरा गया। अब यह जगह दुर्घटनाओं का केंद्र बन चुकी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि दुपहिया वाहन चालक अक्सर इन गड्ढों में गिरकर चोटिल होते हैं। रात के अंधेरे में खतरा और बढ़ जाता है। सावन का महीना जल्द शुरू होने वाला है। इस दौरान बड़ी संख्या में कांवड़िए इसी मार्ग से गुजरते हैं। गढ़मुक्तेश्वर से गंगाजल लाने वाले शिवभक्तों का एक बड़ा समूह रामपुर रोड का उपयोग करता है। गड्ढों के कारण कांवड़ियों के साथ किसी बड़े हादसे की आशंका है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सावन शुरू होने से पहले इन गड्ढों को भरा जाए। इससे कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न हो सकेगी। पीडब्लूडी के एक्सईएन भगत सिंह ने बताया कि गड्ढों को जल्द भरवाया जाएगा।