बरेली। यह प्रधानमंत्री की डिजिटल इंडिया योजना का ही असर है कि डाक विभाग के पोस्टमैन भी अब स्मार्ट नजर आएंगे। उनके हाथ में इलेक्ट्रॉनिक मशीन और जीपीएस युक्त मिनी लैपटॉप होगा। ये आपके घर पहुंचकर स्पीड पोस्ट, मनीऑर्डर, पत्र आदि मौके पर बुक करेंगे। जीपीएस सिस्टम से उसकी गतिविधियाें पर निगरानी बनी रहेगी नतीजतन वह हेराफेरी नहीं कर पाएगा।
पोस्टमास्टर जनरल एमएल कालिया ने पत्रकारों को बताया कि डिजिटल इंडिया योजना में बरेली रीजन से जुडे़ सभी 2994 ब्रांच पोस्ट ऑफिसों में आधुनिकीकरण किया जा रहा है। पोस्टमैनों को अब बहुउद्देशीय बनाया जाएगा ताकि ग्राहकों को घर बैठे डाक सुविधाएं मिल सकें। उन्हें मिनी लैपटॉप और इलेक्ट्रॉनिक मशीनें दी जा रही हैं। इससे गांव और दूरदराज में लोग अपने घर से मनीऑर्डर, स्पीड पोस्ट और पत्र आदि बुक करा सकते हैं। इन उपकरणों को चलाने के लिए ब्रांच पर सोलर सिस्टम भी लगेंगे। मोबाइल और ई- मनीऑर्डर योजना के तहत पोस्टमैन संबंधित व्यक्ति को तलाश कर मनीऑर्डर सौंपेगा। पीएमजी ने बताया कि बरेली और मेरठ के मुख्य डाकघर पर एटीएम मशीनें लगाई जा रही हैं। कार्ड सप्लाई मिलते ही इन्हें शुरू कर दिया जाएगा। कालिया ने बताया कि 36 डाकघर पर सीबीएस सिस्टम उपलब्ध है। बरेली शहर में चार डाकघर सीबीएस सिस्टम से जुड़े हैं। इसके जरिए ग्राहक किसी भी डाकघर से लेन-देन कर सकता है। इस मौके पर एएसपी विजय वीर सिंह यादव भी मौजूद रहे।