नवाबगंज। कस्बे में रविवार को हुई बारिश से कई मोहल्लों और मार्गों पर जलभराव हुआ। इससे आवागमन में परेशानी हुई। मोहल्ला याकूबपुर में तालाब की चहारदीवारी गिर गई। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।
मोहल्ला चाणक्यपुरी के रामकिशोर और संजीव कुमार ने बताया कि पांच साल पहले बनी पुलिया को नगरपालिका ने एक फुट ऊंचा कर दिया है। इससे पानी का निकास सही ढंग से नहीं हो पा रहा है और बारिश का पानी घरों में घुस रहा है। नगरपालिका ने जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की है, जिससे लोगों को हमेशा परेशानी झेलनी पड़ती है।
तेज बारिश के कारण बीजामऊ रोड पर मोहल्ला याकूबपुर में नगरपालिका की ओर से लाखों रुपये की लागत से बन रहे तालाब की चहारदीवारी गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। एक माह पहले इसी तालाब की चहारदीवारी के पास मिट्टी पाट रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक दीवार समेत तालाब में गिरकर घायल हो गया था। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। प्रशासन से क्षतिग्रस्त चहारदीवारी की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत और नगर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है। सूचना मिलने पर नगरपालिका परिषद के लिपिक कैलाश यादव ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
वर्जन,
हो सकता है बारिश के कारण मिट्टी के कटने के साथ दीवार गिर गई हो। उसे दोबारा बनवा दिया जाएगा लेकिन पहले जांच कराई जाएगी। दीवार गिरने के कारण का पता लगाया जाएगा। आरआर अंबेश, अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका परिषद नवाबगंज