शाही। तालाब पर कब्जे की खबर प्रमुखता से छपने पर बुधवार को एसडीएम के निर्देश पर राजस्व टीम दौली जवाहरलाल गांव पहुंची। यहां तालाब के पास सीमांकन करने के बाद मौके पर 11 लोगों का कब्जा मिला, जिसमें से नौ लोगों ने पक्के निर्माण करवा लिए। टीम ने कब्जेदारों को नोटिस देकर अतिक्रमण मुक्त
गांव के पूर्वी हिस्से में बने साढ़े तीन बीघा रकबा वाले तालाब के करीब आधे हिस्से पर गांव के लोगों ने कब्जा कर लिया है, जिससे गांव के सैकड़ों परिवारों के घरों के नालों का गंदा पानी गलियों में इकट्ठा होकर बीमारी पैदा कर रहा है। गंदे पानी की समस्या को दूर करने के लिए मंगलवार को ग्राम प्रधान चमन सिंह सीसी रोड बनवाने के लिए पहुंचे तो कब्जेदारों ने सड़क का विरोध करते हुए ग्राम प्रधान से अभद्रता करते हुए खदेड़ दिया।
मौके पर मिले 11 लोगों के कब्जे
इसकी शिकायत ग्राम प्रधान ने एसडीएम मीरगंज और पुलिस से की थी। एसडीएम के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक धनपाल सिंह के नेतृत्व में लेखपाल लोकेंद्र सिंह और गिरंद सिंह के साथ राजस्व टीम पुलिस को लेकर गांव पहुंची। टीम ने सबसे पहले तालाब का सीमांकन किया। इसके बाद 11 लोगों के तालाब पर कब्जे मिले, जिसमें से नौ लोगों ने तालाब पर कब्जा करते हुए पक्का मकान भी बना लिया है व अन्य दो लोगों ने घेराबंदी करके ट्रैक्टर, डनलप व अन्य सामान रखकर तालाब पर कब्जा कर लिया है। टीम ने इन सभी को कब्जा हटाने के लिए नोटिस भी दे दिया है।
कोर्ट में याचिका दायर करने की तैयारी
राजस्व निरीक्षक धनपाल सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को टीम के द्वारा कोर्ट में याचिका दायर की जाएगी। दूसरी ओर ग्राम प्रधान व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि जब तक समस्या का निस्तारण नहीं होगा, तब तक सीसी मार्ग बनवाना मुश्किल होगा। फिलहाल ग्रामीणों को कुछ और दिन गंदे पानी से निजात मिलने का इंतजार करना पड़ेगा। संवाद