तौकीर रजा के अनुरोध को डीआईजी ने सशर्त स्वीकारा, बोले-विवादित लोग और बयान न हों
बरेली। 25 जनवरी को आईएमसी की ओर से इस्लामिया ग्राउंड में होने वाला कवि सम्मेलन और मुशायरा सामाजिक समरसता भरा होगा। आईएमसी सदर तौकीर रजा खां के अनुरोध पर डीआईजी इसमें मुख्य अतिथि बनने को सशर्त तैयार हो गए हैं, जिनका अनुपालन करने की आयोजकों ने हामी भरी है।
पहले इस्लामिया ग्राउंड में 25 जनवरी को धरना-प्रदर्शन होने की चर्चा थी। हाल ही में आईएमसी प्रमुख तौकीर रजा ने प्रेसवार्ता करके स्पष्ट किया कि 25 व 26 जनवरी दोनों दिन वह सामाजिक सद्भाव बढ़ाने वाले कार्यक्रम करेंगे। 25 जनवरी की शाम को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन व मुशायरा कराने की योजना है। इसके लिए आईएमसी प्रमुख ने डीआईजी राजेश कुमार पांडेय से अनुरोध किया कि वह कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि रहें। डीआईजी ने तौकीर रजा से कहा कि उनके कार्यक्रम को प्रशासन अनुमति देगा तो वह आएंगे। उन्होंने यह भी शर्त रखी कि भड़काऊ बातें करने वाले कवि या शायर कतई नहीं बुलाए जाएंगे। पूरे आयोजन में देश हित की बात होगी तो वह शुभारंभ करने आ सकते हैं। इस पर तौकीर रजा ने वादा किया कि कार्यक्रम पूरी तरह सामाजिक समरसता भरा होगा। इसमें कुछ भी विवादित नहीं होगा। 26 की सुबह तिरंगा फहराया जाएगा। आयोजन के लिए करीब अस्सी क्विंटल लड्डू बनाए जाएंगे।
आईएमसी प्रमुख तौकीर रजा खां ने मुझसे आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने को कहा है। उन्हें बता दिया गया है कि प्रशासन की अनुमति से आयोजन होगा। पूरे आयोजन के दौरान वहां सामाजिक सद्भाव की ही बात होगी तो मैं कार्यक्रम में जरूर जाऊंगा।
- राजेश कुमार पांडेय, डीआईजी