बरेली। बदायूं के बिसौली क्षेत्र की महिला के साथ हुए अजीबोगरीब घटनाक्रम के बाद उसके भाई ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि उसकी बहन को बहाने से ले जाकर सांप से कटवा दिया गया।
बिसौली कोतवाली के गांव लक्ष्मीपुर निवासी आसिफ खां ने कोतवाली में अपनी बहन रिहाना के ससुरालवालों के खिलाफ रिपोर्ट कराई है। इनमें पति शरीफ अहमद समेत पूरे परिवार और दो अज्ञात पर आरोप लगाए गए हैं। आसिफ ने बताया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर 21 जनवरी को शरीफ उसकी बहन को बीमार रिश्तेदार को देखने के बहाने उत्तराखंड ले गया। पुलभट्टा के पास गाड़ी रोक दी। वहां पति के परिचित दो लोग आए और उसे गाड़ी से बाहर खींच लिया। वह लोग कपड़े में लपेटकर सांप लाए थे, उसे सांप से कटवाया और जहर का इंजेक्शन भी लगाया। बरेली में बहन का इलाज चल रहा है। डॉक्टर ने शरीर में जहर के लक्षण बताते हुए हालत खतरे से बाहर बताई है। डीआईजी राजेश पांडेय का कहना था कि आरोप की गंभीरता को देखकर फिलहाल कोतवाली में मामला दर्ज करा दिया है। इसे संबंधित थाने में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। ब्यूरो