बरेली। जिला अस्पताल के सामने फुटपाथ पर दुकानें लगाने वाले दुकानदारों को पुलिस दो दिनों से लगातार खदेड़ रही है। सोमवार को कुछ दुकानदार फड़ लगाने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। कहा-20 दिसंबर तक रुक जाओ। प्रमुख सचिव का दौरा होना है। इसके बाद दुकानें लगाना। हालांकि पुलिस के जाते ही दुकानदार फुटपाथ पर अपनी दुकानें सजाकर बैठ गए।
जिला अस्पताल के सामने फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों को पुलिस शहर वासियों और मरीजों को जाम से निजात दिलाने के लिए नहीं, बल्कि प्रमुख सचिव के दौरे के डर से नहीं लगने दे रही है। दरअसल, प्रमुख सचिव जिले के प्रभारी अधिकारी नवनीत सहगल 18 दिसंबर को दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। लिहाजा पुलिस अभी से जिला अस्पताल के सामने फड़ दुकानदारों पर सख्ती कर रही है। दो दिनों से उन्हें दुकानें नहीं लगाने दी जा रही हैं। यहां ज्यादातर रेडीमेड कपड़ों की फुटपाथ पर दुकानें लगती हैं। दो दिन पहले पुलिस ने दुकानदारों के सारे कपड़े सड़क पर फेंककर उन्हें वहां से खदेड़ दिया था। सोमवार को भी पुलिस ने किसी दुकानदार को फुटपाथ पर फड़ नहीं लगाने दिया।