नवाबगंज। खंजनिया गांव के पास नाले की पुलिया पर अनियंत्रित होकर लकड़ी लदी ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। लकड़ी के नीचे दबकर दो मजदूराें की मौत हो गई। ग्रामीणों ने लकड़ी हटाकर शव बाहर निकाले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। हादसे के बाद ड्राइवर भाग गया। उधर, मृतकों के घर सूचना पहुंची तो चीख पुकार मच गई।
नगर से सटे रिछोला किफायतुल्ला गांव के 44 वर्षीय जाबिर हुसैन और ईंधजागीर निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद हनीफ मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते थे। एक लकड़ी ठेकेदार ने खंजनपुर खंजनिया गांव में यूकेलिप्टस के पेड़ खरीदे थे। सोमवार को जाबिर और हनीफ मजदूरी पर पेड़ काटने गए थे। सोमवार देर शाम दोनों पेड़ काटने के बाद लकड़ी को ट्रैक्टर ट्रॉली में लादकर नवाबगंज ला रहे थे। खंजनिया गांव के पास पहुंचने पर नाले की पुलिया से गुजरते समय ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर नाले में पलट गई। ट्रॉली पर बैठे जाबिर और हनीफ लकड़ी के नीचे दब गए। आसपास के लोगों ने लकड़ी हटाकर दोनों को बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद ड्राइवर भाग गया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। हादसे के बाद से मोहम्मद हनीफ की पत्नी शाहजहां और जाबिर की पत्नी मैशर का रो-रोकर बुरा हाल है।